शुक्रवार, 26 मार्च 2010

पृथ्वी पर रहने का किराया दो

इस बार कुछ देर हो गई । नवरात्रि पर अपने ब्लोग शरद कोकास पर विदेशी कवयित्रियों की कविता लगाने में व्यस्त रहा । इसके लिये क्षमा चाहता हूँ । खैर ..देर से ही सही प्रस्तुत है " मस्तिष्क की सत्ता " लेखमाला में इस बार की यह कड़ी हमारी पृथ्वी पर ।

पिछली पोस्ट से इतना ज़रूर याद रखें - मान लीजिये हमारी पृथ्वी की आबादी लगभग छह सौ करोड़ है ,इस तरह हम हमारी पृथ्वी के 600 करोड़वें हिस्से हैं । हमारा सौर परिवार हमारी आकाशगंगा का 64 करोड़वाँ हिस्सा है तथा हमारी पृथ्वी हमारी आकाशगंगा का 25 हज़ार करोड़वाँ हिस्सा है । अब बताइये इस आकाशगंगा में हम कहाँ हुए ? फिर ऐसी करोड़ों आकाशगंगाएं बृह्मांड में हैं तो हम बृह्मांड में कहाँ हुए ? गणना छोड़िये , यह सोचिये कि जब हम बृह्मांड में इतने नगण्य हैं तो मामूली कुत्ते,बिल्ली,चीटीं और मच्छरकी क्या स्थिति होगी ? उनसे भी छोटे हैं कीटाणु जो आकार में मिलीमीटर के हज़ारवें भाग तक होते हैं जो केवल माईक्रोस्कोप से देखे जा सकते हैं और जिन्हे माईक्रोमीटर में नापते हैं। इनसे भी छोटे होते हैं अणु । अणु के विभिन्न हिस्से हैं परमाणु जो पदार्थ का सूक्ष्मतम भाग है। समस्त बृह्मांड इन्ही अणुओं से बना है। परमाणु को इलेक्ट्रोन ,प्रोटान व न्यूट्रान में विभाजित कर सकते हैं । ये मूलभूत कण हैं , इलेक्ट्रोन इनमें सबसे छोटा कण है ।
पृथ्वी पर रहने का किराया दो

मकान खरीदने से पहले हम हमेशा जानना चाहते हैं यह किसने बनाया है या ज़मीन खरीदने से पहले यह कि वह ज़मीन किसकी है । हम इस बात के प्रति आश्वस्त हो जाना चाहते हैं कि हम कहीं ठगे तो नहीं जा रहे । सही बात है , आखिर ज़मीन या मकान का पैसा दे रहे हैं भाई । ज़मीन या मकान ही नहीं छोटी से छोटी वस्तु भी हम यदि खरीदते हैं या किराये पर लेते हैं तो उसकी बारे में जानना चाहते हैं ।ऐसा है तो फिर हम यह क्यों नहीं जानना चाहते कि जिस पृथ्वी पर अपने पुरखों के ज़माने से हम रह रहे हैं वह कहाँ से आई ? आप कहेंगे पृथ्वी हम खरीद थोड़े ही रहे हैं या इस पर रहने का किराया थोड़े ही दे रहे हैं । सही है ,जो चीज़ मुफ्त में मिल रही हो या जिसके लिये किराया ना देना पड़ रहा हो उसके बारे में क्या पूछना । कहीं से भी आई हो पृथ्वी हमने तो इसे माल-ए-मुफ्त समझकर इसके टुकड़े टुकड़े कर बाँट लिया है । जो दिमाग से जितना चालाक उसका हिस्सा उतना बड़ा । जो बड़ा ज़मीन्दार उसके पास सैकड़ों एकड़ ज़मीन और जो सीधा-सादा गरीब उसके पास कुछ नहीं ।
चलिये सामाजिक विषमताओं की बात छोड़िये पृथ्वी कहाँ से आई यह देखते हैं । हर धर्म में पृथ्वी की उत्पत्ति सम्बन्धी ढेरों पौराणिक और प्राचीन मान्यताएँ हैं लेकिन फिलहाल इन्हे एक ओर रखकर इसका वैज्ञानिक उत्तर ढूंढते हैं । भौतिक विज्ञान के महत्वपूर्ण नियम गुरुत्वाकर्षण (जय हो बाबा न्यूटन) के नियमानुसार द्रव्य के दो पिंडों के बीच आकर्षण होता है । एक पिंड दूसरे पिन्ड को अपनी ओर खींचता है तथा उसके करीब पहुंचते पहुंचते यह आकर्षण बढ़ता जाता है व खिंचने की गति भी बढ़ जाती है । इस प्रकार जब दो पिंड एक दूसरे के बहुत निकट आ जाते हैं तो गुरुत्वाकर्षण के फलस्वरूप दोनों पिंडों से एक लम्बा तंतु निकलता है ।(ऐसा कीजिये आज रसोई में आटा गून्धिये । अपने दोनो हाथ मे अलग अलग आटे के गोले लीजिये फिर दोनो को मिलाइये और खींचकर देखिये तंतु ऐसे ही निकला होगा ) कालांतर में यह तंतु ठंडा होता है द्रव्य का शीतलीकरण होता है व छोटे छोटे पिंड बन जाते हैं इस प्रकार उत्पन्न पिंड अपने उत्पादक पिंड के चारों ओर चक्कर लगाते हैं । यह सिद्धांत सन 1916 में प्रसिद्ध ब्रिटिश वैज्ञानिक जेम्स जिंस ने स्थापित किया ।
आइये ,इस सिद्धांत के आधार पर देखें कि हमारी पृथ्वी कैसे बनी । साढ़े चार अरब वर्ष पूर्व सूर्य के निकट से एक पिन्ड गुजरा ,दोनों पिन्डों में आकर्षण हुआ । सूर्य से जो तंतु निकला कालांतर में उसके ठंडे होने पर तथा द्रव्य के शीतली करण के कारण उसके छोटे छोटे पिंड बने । ये तमाम पिंड उस सूर्य की परिक्रमा करने लगे जो उनका जनक था । यह सभी पिंड ग्रह कहलाये जिनमें हमारी पृथ्वी भी एक ग्रह है और उसके भाई बहन हैं अन्य ग्रह । हमारे सबसे करीब यही ग्रह है जिस पर हम खड़े हैं लेकिन इसका हमारी कुंडली में कहीं कोई स्थान नहीं है । और वह पिन्ड जिसके आकर्षण के फलस्वरूप हमारे सौरमंडल की उत्पत्ति हुई हो सकता है अपनी संतानों के साथ बृह्मांड में कहीं विचरण कर रहा हो ।
इस प्रकार यह पृथ्वी जन्म लेने के पश्चात प्रारम्भ में विभिन्न प्रकार की गैस से मिलकर बना एक विशालकाय पिंड थी जो अपने अक्ष पर घूमती हुई सूर्य की परिक्रमा कर रही थी । ताप के विकीरण के फलस्वरूप यह पिंड ठंडा हुआ ,द्रव्य व गैसों का शीतलीकरण हुआ तथा तरलीय व अर्धसान्द्रीय अवस्थाओं से होता हुआ वर्तमान अवस्था तक पहुंचा। बाहरी तल से घनीकरण प्रारम्भ हुआ,उपरी सतह पर पपड़ी जमी जो भीतर की ओर मोटी होती गई। गर्भ भाग में आकुंचन हुआ, पपड़ी में झुर्रियाँ व दरारें पड़ीं फलस्वरूप हिमालय जैसे पर्वत और नदियाँ बनीं । यह सब घटित होने में कई करोड़ साल लगे ।
दिमाग पर ज़्यादा ज़ोर मत लगाइये चलिए अपने घर में ठंडे होते हुए दूध पर मलाई जमते हुए देखिए और इस पर विचार कीजिए । और किराये की बात भी भूल जाईये यह तो एक बहुत बड़ा बाड़ा है जो जितना पुराना किरायेदार उसका उतना हक़ । वही किरायेदार वही मकान मालिक, जैसे अफ्रिका जैसे बड़े देश और हमारे जैसे छोटे ,फिर देश में भी बड़े बड़े धन्ना सेठ और हमारे जैसे फूटपाथिये । इस धरती पर रहने की कीमत न वो देते है न हम । कीमत तो छोड़िये पृथ्वी पर रहकर हम पृथ्वी का ही नुकसान करते हैं,प्रदूषण फैलाते हैं ,जंगल काटते हैं, ज़मीन से पानी चूस लेते हैं और भी बहुत सा नुकसान करते हैं इस पृथ्वी का । मुम्बई की चालें देखी हैं ना जब तक धराशायी नहीं होती लोग खाली ही नहीं करते ,फिर कई लोग दब कर मर भी जाते हैं । हम भी धीरे धीरे अपनी पृथ्वी को वहीं ले जा रहे हैं जहाँ न ये पृथ्वी रहेगी न हम ।आप कहेंगे हमे क्या ? हमारी आनेवाली पीढ़ीयाँ जानें । हम तो चैन से रह ही लेंगे अपने जीते जी ।


उपसर्ग में इस बार प्रस्तुत है शरद कोकास की लम्बी कविता " पुरातत्ववेत्ता " से यह नौ पंक्तियाँ



दुख के दिनो सी कठोर है बीते समय की पीठ
जिस पर खुदे हैं सहनशीलता के दस्तावेज़
जिसमें उन्माद है राह बदलती नदियों का
बेचैनी में करवट बदलती धरती का अभिशाप
सत्तालोलुपों के आक्रमण सिंहासन की अभिलाषा में
मवेशियों के रेवड़ हासिल करने के लिये
घास के मैदान पर पशुपालकों की जीत
और इन्ही के बीच कहीं अस्पष्ट सी लिखावट में अपने अस्तित्व का अर्थ ढूँढते मनुष्य का संघर्ष ....

पृथ्वी पर मनुष्य के इतिहास का बयान करती यह पंक्तियाँ आपको कैसी लगीं ज़रूर बताइयेगा - शरद कोकास

सोमवार, 15 मार्च 2010

कौन थे जो मर गये पिछली सर्दियों में

पिछली पोस्ट से इतना ज़रूर याद रखें - सूर्य से निकला हुआ प्रकाश 8 मिनट में हम तक पहुंचता है । यह ऐसे होता है कि प्रकाश एक सेकंड में 3 लाख कि.मी. दूरी तय करता है, एक मिनट में (300000x60)कि.मी.,एक घंटे में (300000x60x60)कि.मी.,एक दिन में (300000x60x60x24)कि.मी.,तथा एक वर्ष में (300000x60x60x24x365) कि.मी. अर्थात 10लाख करोड़ कि.मी. यह दूरी एक प्रकाशवर्ष कहलाती है । इस तरह सूर्य हमसे 8 प्रकाश मिनट अर्थात(300000x60x8)=14.4 या लगभग 15 करोड़ कि.मी. दूर हुआ । और अब आगे...मस्तिष्क की सत्ता - सात

बृह्मांड में हमारी औकात क्या है


रोजमर्रा की ज़िंदगी में हमारे धैर्य की रोज़ परीक्षा होती है । जब हमे पता चलता है कि किसी ने हमारी किसी बात को लेकर विपरीत टिप्पणी की है तो हम अपना आपा खो बैठते हैं और गुस्से में कहते हैं “ आखिर उसकी औकात ही क्या है बड़ा आया हमे ज्ञान देने वाला “ ( मुझे पता है कुछ लोग मेरे बारे में भी यही सोच रहे होंगे ) लेकिन सच्चाई यह है कि इस दुनिया में हम अपनी ही औकात नहीं जानते ।जानते भी हैं तो सिर्फ अपने घर में या ज़्यादा से ज़्यादा पड़ोस में ।यह कहावत यूँही नहीं बनी है कि “अपनी गली में कुत्ता भी शेर होता है । “
खैर हम कुत्ते हों या शेर रहेंगे तो जानवर के जानवर ही ना । बेहतर है हम मनुष्य की तरह इस बारे में सोचें कि इस ब्रह्मांड में हमारी क्या औकात हो सकती है । आप कहेंगे ,यह तो हमने कभी सोचा ही नहीं । चलिये पहले देखें कि यह बृह्मांड क्या बला है । यह तो आप जानते ही हैं कि हमारी पृथ्वी,अन्य ग्रहों व सूर्य को मिलाकर एक सौरमंडल बनता है । ऐसे अनेक सौरमंडलों से बनती है आकाशगंगा और ऐसी अनेक आकाशगंगाओं से मिलकर बनता है बृह्मांड । इतने विशाल बृह्मांड के बारे में जानने के लिये एक जीवन बहुत छोटा है । लेकिन हमें यह एक जीवन ही मिला है और अगला जन्म होना नहीं है ,इसलिये थोड़ा बहुत तो हमें इसी जीवन में इस बारे में जानना ही चाहिये ।
यह तय करने के लिये कि इस बृह्मांड में हम कहाँ हैं चलिये एक छोटा सा गणित और हल करते हैं ।( फिर एक गणित ?? ) मान लीजिये हमारी पृथ्वी की आबादी लगभग छह सौ करोड़ है ,इस तरह हम हमारी पृथ्वी के 600 करोड़वें हिस्से हैं । हमारा सौर परिवार हमारी आकाशगंगा का 64 करोड़वाँ हिस्सा है तथा हमारी पृथ्वी हमारी आकाशगंगा का 25 हज़ार करोड़वाँ हिस्सा है । अब बताइये इस आकाशगंगा में हम कहाँ हुए ? फिर ऐसी करोड़ों आकाशगंगाएं बृह्मांड में हैं तो हम बृह्मांड में कहाँ हुए ? गणना छोड़िये , यह सोचिये कि जब हम बृह्मांड में इतने नगण्य हैं तो मामूली कुत्ते,बिल्ली,चीटीं और मच्छरकी क्या स्थिति होगी ? उनसे भी छोटे हैं कीटाणु जो आकार में मिलीमीटर के हज़ारवें भाग तक होते हैं जो केवल माईक्रोस्कोप से देखे जा सकते हैं और जिन्हे माईक्रोमीटर में नापते हैं। इनसे भी छोटे होते हैं अणु । अणु के विभिन्न हिस्से हैं परमाणु जो पदार्थ का सूक्ष्मतम भाग है। समस्त बृह्मांड इन्ही अणुओं से बना है। परमाणु को इलेक्ट्रोन ,प्रोटान व न्यूट्रान में विभाजित कर सकते हैं । ये मूलभूत कण हैं , इलेक्ट्रोन इनमें सबसे छोटा कण है । यह वैज्ञानिक जानकारी है जिसे आपने किताबों में भी पढ़ा होगा ।
ज़्यादा विस्तार में न जायें ,मूल प्रश्न यह है कि बृह्मांड में जब हमारी स्थिति इतनी नगण्य है तब अपनी स्थिति जानने के पश्चात भी हमारे में मन में अहंकार क्यों आता है ? अपनी क्षुद्रता को जानकर भी हम जाति ,धर्म ,नस्ल ,भाषा, क्षेत्र ,राज्य ,सम्पन्नता के नाम पर क्यों लड़ते हैं ? एक दूसरे के खून के प्यासे क्यों रहते हैं ? क्या यह हमारा अहंकार नहीं है जो हमे नई जानकारी प्राप्त करने,नई बातें सीखने से रोकता है , हम अपने आप को सर्वज्ञ समझने लगते हैं , हम सिर्फ अपनी कहना चाहते हैं और किसीकी कुछ नहीं सुनना चाहते । हम अपने विचार को ही अंतिम मानते हैं । हम अपना लिखा पत्थर की लकीर समझते हैं । हम अपने आगे हर किसी को तुच्छ समझते हैं । सोचकर देखिये यदि हमारे पूर्वज भी ऐसे ही अहंकारी होते तो क्या आज विज्ञान इतनी प्रगति कर पाता ? अगर हम यह मान लेते कि हमें सब कुछ आता है और हम सबसे बड़े ज्ञानी हैं तो आज भी उसी तरह पेड़ की छाल लपेटे घूमते रहते और जानवरों का शिकार करते रहते । न विज्ञान की कोई बात अंतिम है न धर्म की ,इसलिये सबसे पहले अपने मन से इस अहंकार को निकाल फेंकिये कि आपस में लड़- झगड़कर हम कुछ बड़ा काम कर जायेंगे । लड़ना ही है तो आततायियों से लड़िये ..भूख ग़रीबी बेरोजगारी और मनुष्य द्वारा पैदा की गई समस्याओं से लड़िये ।
खैर ..जबसे पृथ्वी पर मनुष्य का जन्म हुआ है ,यह सब चल ही रहा है ..जाने कितने लोग इस पृथ्वी पर आये और चले गये किसको याद है ,वे कौन थे ? हम से ही कोई पूछे कि हमारे पिता के पिता के पिता के पिता कौन थे , क्या हमे याद है उनका नाम ? हमें भी कौन याद रखेगा ?और कितने साल याद रखेगा ? बृह्माण्ड की कथा यहीं समाप्त की जाये ..अगली बार बातें करेंगें इस पृथ्वी की ।
एक निवेदन - मेरा यह लिखने का उद्देश्य भी किसी की ओर इंगित करना नहीं है । मैं एक तुच्छ् प्राणि किसी को क्या कह सकता हूँ । इसलिये कृपया विषय से सम्बन्धित टिप्पणी ही करें जिसमे किसी व्यक्ति विशेष की ओर संकेत न हो




और अब उपसर्ग में कवि संजय चतुर्वेदी की यह छोटी लेकिन गम्भीर कविता उनके कविता संग्रह "प्रकाशवर्ष " (आधार प्रकाशन पंचकूला से वर्ष 1993 में प्रकाशित ) से साभार -डॉ.संजय चतुर्वेदी किंग जॉर्जेज़ मेडिकल कॉलेज (अब छत्रपति शाहू जी मे.कॉ.)लखनऊ से एम.डी. हैं । जो मर गये पिछली सर्दियों में

लोग भूल जाते हैं
कौन लोग थे
जो उन्हे इतिहास से निकालकर लाये
उन्हे खींचते रहे
उनकी गर्म रज़ाइयों से बाहर
लकड़ियाँ इकठ्ठा करते रहे
कहीं मौसम ज़्यादा खराब न हो जाये
उनके सहमे हुए घरों में आवाज़ बनकर रहे


लोग भूल जाते हैं वसंत आते ही
कौन थे जो मर गये पिछली सर्दियों में ।

सस्नेह आपका - शरद कोकास  
( चित्र गूगल से साभार )                                                                                                                            
 

सोमवार, 8 मार्च 2010

जिनका दिल टूट जाये उन्हे जनरल नॉलेज की क्या ज़रूरत

पिछली पोस्ट से और कुछ याद रखें न रखें इसे ज़रूर याद रखें -

वैज्ञानिकों का मानना है कि बृह्मांड की उत्पत्ति से पूर्व यहाँ हाईड्रोजन हीलियम प्लाज़्मा उपस्थित था । प्लाज़्मा अर्थात ठोस,द्रव्य,वायु के अतिरिक्त पदार्थ की चौथी अवस्था या इलेक्ट्रोन रहित न्यूक्लियस की स्थिति । इस प्लाज़्मा के केन्द्र भाग में आकुंचन होना शुरू हुआ, सारे प्लाज़्मा को एक स्थान पर केन्द्रित होने के प्रयास में गुरुत्वाकर्षण में वृद्धि हुई, तापमान में वृद्धि हुई फिर एक महाविस्फोट हुआ और फलस्वरूप इस बृह्मांड का निर्माण हुआ । तत्पश्चात आकाशगंगायें बनीं, आकाशगंगाओं में बने सौरमंडल या नक्षत्रमंडल । इन्ही में से एक है हमारा सौरमंडल जिसमें हमारी पृथ्वी ,बुध, बृहस्पति, शुक्र, मंगल, शनि, यूरेनस ,नेप्च्यून,प्लूटो जैसे गृह हैं तथा इनका मुखिया है सूर्य ।
और अब पढ़िये इस से आगे - मस्तिष्क की सत्ता - छह

हमारा एच.ओ.डी.सूर्य हमसे कितनी दूर है


एक पुराना चुटकुला है । पोस्टमैन के इंटरव्यू में एक प्रतिभागी से पूछा गया “ पृथ्वी से सूर्य की दूरी कितनी है बताईये ?” प्रतिभागी ने जवाब दिया “ देखिये अगर सूरज तक डाक बाँटने का काम है तो मुझे नहीं करनी ऐसी नौकरी ।“ लेकिन आप चिंता न करें यहाँ यह प्रश्न मै केवल आपका सामान्य ज्ञान बढ़ाने के लिये कर रहा हूँ । आप जानते होंगे हमारे युवा वर्ग में आजकल एक डॉयलॉग बहुत चलता है ‘ और कुछ हो न हो जी.के. सॉलिड होना चाहिये ।‘ हमारे एक युवा मित्र हैं एक दिन कहने लगे “ जिनका दिल टूट जाये उन्हे जनरल नॉलेज की क्या ज़रूरत ? ” मैनें पूछा “ऐसा क्यों “ तो उन्होने कहा “ आपने वो गाना नहीं सुना ..जब दिल ही टूट गया हम जी के क्या करेंगे “ चलिये हम मान लेते हैं कि हमारा दिल अभी नहीं टूटा है या हमारा दिल सॉलिड है इसलिये थोड़ा बहुत जी.के.तो जान ही लेते है ।
हमारे सौरमंडल के विभागाध्यक्ष सूरज के बारे में बात करते हैं जिसे हम रोज सुबह ऊगता हुआ देखते हैं , जिसे हम प्रणाम करते हैं ,जिसे हम अर्ध्य देते हैं ।जिसके लिये वेदों में अनेक ऋचायें रची गईं और दुनिया के तमाम धर्मग्रंथों में जिसकी स्तुति में साहित्य रचा गया । सूर्य भी वस्तुत: एक तारा है जो पृथ्वी के निकटतम है । इसका जन्म पांच हज़ार करोड़ वर्ष पूर्व हुआ । यह गैसों का एक गोला है तथा इसमें उपस्थित हाईड्रोजन गैस से होने वाली नाभीकीय संलयन की क्रिया के फलस्वरूप इससे उर्जा निकलती है । यह सभी दिशाओं में प्रकाशमान होता है । हमें इसकी उर्जा का 0. 000000005 % भाग ही मिल पाता है । सूर्य की सतह का तापमान 6000 सें.ग्रे. है । इसके केन्द्र का तापमान 1.5 करोड़ डिग्री सें.ग्रे. है ।यह पृथ्वी से पन्द्रह करोड़ किलो मीटर दूरी पर स्थित है तथा पृथ्वी से तेरह लाख गुना बड़ा है । सूर्य से निकला हुआ प्रकाश 8 मिनट में हम तक पहुंचता है । यह ऐसे होता है कि प्रकाश एक सेकंड में 3 लाख कि.मी. दूरी तय करता है, एक मिनट में (300000x60)कि.मी.,एक घंटे में (300000x60x60)कि.मी.,एक दिन में (300000x60x60x24)कि.मी.,तथा एक वर्ष में (300000x60x60x24x365) कि.मी. अर्थात 10लाख करोड़ कि.मी. यह दूरी एक प्रकाशवर्ष कहलाती है । इस तरह सूर्य हमसे 8 प्रकाश मिनट अर्थात(300000x60x8)=14.4 या लगभग 15 करोड़ कि.मी. दूर हुआ ।
बाप रे, दिमाग घूम गया । वैसे भी किलोमीटर की गणना समय में करना कठिन होता है । अभी मैं मुम्बई गया था । वहाँ दूरी को समय में बताने की परम्परा है । प्रभादेवी नाके पर मैने पूछा “ सिद्धि विनायक मन्दिर कितनी दूर है ? “ जवाब मिला “ बस पाँच मिनट “ जुहू बीच की दूरी पूछी तो उत्तर मिला “ बस फिफ्टी फाइव मिनट्स “ मैने किलोमीटर मे दूरी पूछी तो वे सज्जन मुझे ऐसे घूरकर देखने लगे जैसे मैं किसी दूसरे ग्रह से आया प्राणि हूँ । अब यह पैदल फिफ्टीफाइव मिनट था ,बस से या रेल से वह भी मुझे ही तय करना था । प्रकाश की गति से तो मैं चलने से रहा । मैं समझ गया ,मुम्बई में या तो सब विज्ञान की भाषा में बात करते हैं या सबके सब सूर्यवंशी हैं ।
चलिये आप भी जब तक यह सवाल हल करिये । वैसे देखा जाये तो यह बहुत कठिन गणित नहीं है । यह आप चाहे तो कागज कलम या केल्कुलेटर ले लें और धीरे धीरे इसे हल करें । अगर मुझसे कहीं ग़लती हो गई हो तो मुझे बतायें वैसे भी छात्र जीवन में गणित में अपना हाल बेहाल रहा है । तो हल कर रहे हैं ना ? भाई इतना गणित तो आपने स्कूल में पढ़ा ही होगा ?


उपसर्ग में प्रस्तुत है बाबा नागार्जुन की यह कविता 1961 में लिखी हुई

मेरी भी आभा है इसमें


नये गगन में नया सूर्य जो चमक रहा है
यह विशाल भूखण्ड आज जो दमक रहा है
मेरी भी आभा है इसमें
भीनी भीनी खूशबु वाले
रंग-बिरंगे यह जो इतने फूल खिले हैं
कल इनको मेरे प्राणों ने नहलाया था
कल इनको मेरे सपनो ने सहलाया था
पकी सुनहली फसलों से जो
अबकी यह खलिहान भर गया
मेरी रग-रग के शोणित की बूँदे इसमें मुसकाती हैं
नये गगन में नया सूर्य जो चमक रहा है
यह विशाल भूखण्ड आज जो दमक रहा है

मेरी भी आभा है इसमें

बुधवार, 3 मार्च 2010

दुनिया का डी.एन.ए.टेस्ट ज़रूरी है


  होली की मस्ती अब कम होने को है लेकिन बच्चों की मस्ती अभी कम नहीं हुई है ..हम सभी को अपने बचपन की होली याद आ रही है । चलिये " मस्तिष्क की सत्ता "लेखमाला के इस लेख क्रमांक -5 की शुरुआत यहीं से करें ..
आपको आपके बचपन की कबसे याद है ?
जो कुछ हमारी आंखों के सामने घटित हो रहा है उसे देखने के लिये हमारी आँखें पर्याप्त हैं लेकिन उसे महसूस करने के लिये अपने मस्तिष्क की क्षमता से हमारा परिचय होना आवश्यक है ।चलिये अतीत के बारे में सोचना शुरू करते हैं । अरे.. मै आपको दुनिया का इतिहास पढ़ने के लिये नहीं कह रहा हूँ ,मै तो आपसे अपने बचपन के बारे में सोचने के लिये कह रहा हूँ । आप कहेंगे हमे तो अपने बचपन की सारी बातें याद हैं । सच सच बताइये सारी बातें याद हैं ? जब आपने पहला शब्द बोला था , याद है ? जब आप ने पहला कदम रखा था और ज़मीन पर खड़े हुए थे वह क्षण याद है ? और जब आपने अपने पापा की गोद में....की थी वह याद है ? लेकिन हमें यह सब याद न होते हुए भी मालूम तो है ही इसलिये कि हमे हमारे माता-पिता ने यह बताया है । इसीलिये याद भले न हो हम सब कहते ज़रूर हैं....” हमने भी अपनी माँ का दूध पिया है । “ और सबसे बड़ी बात तो यह कि हमे जो बताया गया , हमने उसपर विश्वास किया है ।और दूसरे बच्चों को देखकर और उस समय की तस्वीरें देखकर उसकी कल्पना भी की है ।यह मस्तिष्क का ही कमाल है कि जिस तरह हम अपने बचपन के अनदेखे दृश्यों की कल्पना कर लेते हैं उसी तरह आनेवाले कल के दृश्यों की भी कल्पना कर लेते हैं ।
इस तरह दुनिया के भी न केवल वर्तमान बल्कि भविष्य और अतीत की कल्पना भी हम इसी मस्तिष्क के द्वारा ही कर सकते हैं । अब आइये उन दृश्यों की कल्पना करते हैं जिन्हे न हमारे माता-पिता ने देखा ,न उनके माता –पिता ने । कल्पना कीजिये आज से अरबों वर्ष पूर्व जब इस धरती पर इंसान नहीं था । और इंसान तो क्या जब यह पृथ्वी ही नहीं थी , न सूर्य था, ना चान्द-सितारे थे , ना आकाशगंगायें थीं , ना यह बृह्मांड था , तब क्या था ? अर्थात जब “ कुछ नहीं ” था तो “ कुछ नहीं ” से पहले क्या था ? कुछ लोग इसका उत्तर इस तरह देते हैं कि ‘ कुछ नहीं ‘ से पहले भी ‘ कुछ नहीं ‘ था और उससे पहले भी ‘ कुछ नहीं ‘ था । उनसे पूछा जा सकता है कि जब ‘ कुछ नहीं ‘ था तो ‘ कुछ नहीं ‘ से यह सब कुछ कैसे आया ?
चलिये गालिब साहब की बात से ही शुरुआत करते है । मैने शुरुआत में ग़ालिब साहब का एक शेर पढ़ा था , डुबोया मुझको होने ने न होता मैं तो क्या होता । इसी शेर का पहला मिसरा है “ न था कुछ तो खुदा था , कुछ न होता तो खुदा होता । “ जब से मनुष्य ने ईश्वर की कल्पना की ( यहाँ अटकिये मत ..इस पर हम आगे चलकर बात करेंगे ) तब से लेकर अब तक तो यही माना गया है कि जब कुछ नहीं था तो यह बृह्मांड मौजूद था लेकिन वैज्ञानिकों का मानना है कि बृह्मांड की उत्पत्ति से पूर्व यहाँ हाईड्रोजन हीलियम प्लाज़्मा उपस्थित था । प्लाज़्मा अर्थात ठोस,द्रव्य,वायु के अतिरिक्त पदार्थ की चौथी अवस्था या इलेक्ट्रोन रहित न्यूक्लियस की स्थिति । इस प्लाज़्मा के केन्द्र भाग में आकुंचन होना शुरू हुआ, सारे प्लाज़्मा को एक स्थान पर केन्द्रित होने के प्रयास में गुरुत्वाकर्षण में वृद्धि हुई, तापमान में वृद्धि हुई फिर एक महाविस्फोट हुआ और फलस्वरूप इस बृह्मांड का निर्माण हुआ । तत्पश्चात आकाशगंगायें बनीं, आकाशगंगाओं में बने सौरमंडल या नक्षत्रमंडल । इन्ही में से एक है हमारा सौरमंडल जिसमें हमारी पृथ्वी ,बुध, बृहस्पति, शुक्र, मंगल, शनि, यूरेनस ,नेप्च्यून,प्लूटो जैसे गृह हैं तथा इनका मुखिया है सूर्य ।
आप कहेंगे इस में नया क्या है ? सही है ,यह सब बातें आप भलिभांति जानते हैं । यह भी जानते हैं कि यह दुनिया एक दिन में नहीं बनी जैसे कि हम एक दिन में बड़े नहीं हो गये ।इंसान के अतीत के बारे में तो उसके पूर्वजों ने उसे बता दिया लेकिन दुनिया के अतीत के बारे में इंसान को कौन बताता , सो इंसान ने खुद यह जानना चाहा । (भई यह तो इंसान की फितरत है , वह अपने अतीत के बारे में जानना चाहता है , अपने पड़ोसी के अतीत के बारे में जानना चाहता है , फिर दुनिया के अतीत के बारे में क्यों नहीं जानना चाहेगा ? ) फलस्वरूप वैज्ञानिकों ने बहुत खोज की , विभिन्न परीक्षण किये और इस दुनिया का अतीत हमारे सामने रख दिया । आप कहेंगे कि इस वैज्ञानिक परीक्षण की क्या आवश्यकता थी । क्या हमारे पूर्वजों का ज्ञान काफी नहीं था ? मेरा आपसे सवाल है कि जब माँ बच्चे से कहती है कि यह तुम्हारे पिता है और वह बिना किसी सन्देह के उस पर विश्वास भी करता है , दुनिया भी इस बात पर विश्वास करती है फिर कानून को प्रमाण के लिये डी.एन.ए.टेस्ट की ज़रूरत क्यों पड़ती है ?
किसी भी दिशा में विज्ञान अभी ठहरा नहीं है । इस दुनिया के बारे में परीक्षण लगातार चल रहे हैं ,अभी पिछले दिनों ऐसे ही एक परीक्षण के दृश्य आपने देखे होंगे और दुनिया के खत्म हो जाने के भय से भयभीत भी हुए होंगे । इसीलिये हर वैज्ञानिक और अवैज्ञानिक जानकारी का तार्किक ढंग से विश्लेषण करने की ज़रूरत है अन्यथा हम इस दुनिया की उत्पत्ति के बारे में नहीं जान पायेंगे और हमेशा इसे किसी की ‘दी हुई दुनिया’ समझते रहेंगे या किसी प्रभुत्वशाली देश को इस दुनिया का मालिक समझते रहेंगे तथा इस दुनिया में रहने का वास्तविक आनन्द कभी नहीं उठा पायेंगे ।- शरद कोकास


उपसर्ग में कवि केदार नाथ सिंह की यह चर्चित कविता


उसका हाथ
अपने हाथ में लेते हुए मैंने सोचा
दुनिया को
हाथ की तरह गर्म और सुन्दर होना चाहिये ।
छवि गूगल से साभार

सोमवार, 22 फ़रवरी 2010

क्या हम सभी दोगले हैं ?


                                 
दीपावली के समय की बात है । ( आप कहेंगे यह होली के समय मैं दीवाली की बात क्यों कर रहा हूँ ?, चलिये छोड़िये .. किस्सा सुनिये ) मैं घर से दूर किसी अन्य शहर में अपने मित्र के यहाँ था । पूजन के पश्चात मैने अपने मित्र से कहा चलो शहर की रोशनी देखकर आते हैं ।हम लोग जब निकलने लगे तो मैने उनसे कहा " दरवाज़ा तो बन्द कर दो । " उन्होने कहा " आज के दिन लक्ष्मी कभी भी आ सकती है , इसलिये दरवाज़ा बन्द नही किया जाता । " मैने कहा " और चोर आ गये तो ? " और सचमुच ऐसा ही हुआ । जब हम लोग लौटे तो चोर लक्ष्मीजी के पास रखी नकदी पर हाथ साफ कर चुके थे । मैने कहा .." देख लो , यह क्यों भूल गये कि जिस दरवाज़े से लक्ष्मी आ सकती है उससे जा भी तो सकती है ।"
ऐसा और भी शहरों में और भी लोगों के साथ हुआ होगा ।लेकिन इस किस्से का तात्पर्य यह कि इस तरह ठगे जाने से बचने के लिये हमे सायास विश्वास और अन्धविश्वास के इस दुष्चक्र से निकलना बहुत ज़रूरी है । अन्यथा हम जीवन भर उन्हीं मान्यताओं और जर्जर हो चुकी परम्पराओं को ढोते रहेंगे और इसका नुकसान उठाते रहेंगे । हाँलाकि इससे कोई विशेष नुकसान नहीं है , क्योंकि इतनी बुद्धि तो हम में है कि जैसे ही हमें नुकसान की सम्भावना दिखाई देती है हम सतर्क हो जाते हैं । लेकिन कुछ चालाक लोग, सामान्य लोगों की इस मनोवृति से हमेशा फायदा उठाते हैं और अक्सर सीधे-सादे लोग अन्धविश्वासों का शिकार बन जाते हैं । हम लाख सतर्कता बरतें लेकिन कहीं ना कहीं तो ठगे जाते ही हैं । अगर हम चाहते हैं कि हमारा जीवन सहज हो, सरल हो और इस प्रकार की दुर्घटनाओं से रहित हो तो इसके लिये हम वास्तविकता जानने का प्रयास करना होगा । हमें अपने आप को प्रशिक्षित करने की शुरुआत करनी होगी ।इसके लिये सबसे अधिक आवश्यकता है अपने आपको वैज्ञानिक दृष्टि से लैस करने की , अपने आप में इतिहास बोध जागृत करने की तथा ऐतिहासिक तथा वैज्ञानिक अध्ययन की ।
आप कहेंगे व्यस्तता के इस युग में अपनी रोजी-रोटी के लिये ज़द्दोज़हद करते हुए इतनी फुर्सत कहाँ है जो इसके लिये किताबें-विताबें पढ़ें । सही है , इसके लिये किताबें पढ़ने की ज़रूरत भी नहीं है । आप तो सिर्फ उसे याद करें जो बचपन से लेकर अब तक आपने अपनी शालेय व महाविद्यालयीन शिक्षा में पढ़ा है । बिना किताबें पढ़े भी हम अपनी सहज बुद्धि से आज जो कुछ हमारे सामने घटित हो रहा है उसका वैज्ञानिक विष्लेषण तो कर ही सकते हैं ।तर्क के आधार पर अन्धविश्वास कहकर बहुत सारी मिथ्या बातों को खारिज भी कर सकते हैं ।
हम अपने दैनन्दिन जीवन में ऐसा करते भी हैं । लेकिन कई बार स्थायी रूप से इसका प्रभाव नही पड़ता । कुछ समय बाद हम इसे भूल जाते है और दोबारा फिर उसी तरह की किसी घटना का शिकार हो जाते हैं ।शायद इसी लिये आये दिन हम अखबारों में ठगी की वही वही खबरें पढ़ते है.. “ नकली सोना देकर ठगा गया “ नकली बाबा बनकर जेवरात ले गया “ “झाड़फूँक से बच्चे की मौत “आदि आदि । हम पढ़े-लिखे लोग ऐसे लोगों की मूर्खता पर हँसते हैं और सोचते हैं कि काश इस तरह ठगे जाने से बेहतर लोग इसके बारे में पहले से जान लेते ।
लेकिन हम पढ़े-लिखे लोग और भी उन्नत तरीके से ठगे जाते हैं और इसका हमें पता भी नहीं चलता । उदाहरण के तौर पर मेरी जानकारी में एक भी व्यक्ति ऐसा नहीं है जिसने सौ ग्राम की टुथपेस्ट की ट्यूब से पेस्ट निकालकर जाँचा हो कि वह सौ ग्राम है या नहीं । न हम पेट्रोल की जाँच करते है न गैस की न गंगा जल लिखी बोतल की ,कि उसमे गंगा का जल है या नहीं । हम बहुत सारे विश्वासों की जाँच करना चाहते हैं लेकिन हमें विश्वास दिला दिया जाता है ..” आल इस वेल “ । कई बार विश्वास करने के लिये धर्म और ईश्वर के नाम पर भी हमें बाध्य किया जाता है । हम ठगे जाने से कैसे बचें रहें और कोई अन्धविश्वास भी हमारा कोई नुकसान न कर सके इसके लिये सबसे ज़्यादा ज़रूरी है हमारे जीवन में और हमारे आसपास घटित होने वाली हर घटना के पीछे का कारण जानना । इसके लिये हमारे पास पर्याप्त वैज्ञानिक व ऐतिहासिक ज्ञान व चेतना का होना भी आवश्यक है ।
इस ज्ञान के अंतर्गत कुछ प्रश्नों के उत्तर जानना अत्यंत आवश्यक है जैसे कि यह दुनिया कैसे बनी ? बृह्मांड का निर्माण कैसे हुआ ? सूर्य चांद सितारे कहाँ से आये ? पृथ्वी पर जीवन कैसे आया ?,मनुष्य का जन्म कैसे हुआ ? मनुष्य के विकास में उसके मस्तिष्क की क्या भूमिका रही ?,मस्तिष्क कैसे काम करता है ? हम इतर प्राणियों से अलग क्यों हैं ? हम मस्तिष्क में भूत-प्रेत सम्बन्धी सूचनाओं को कैसे दर्ज करते हैं ? हमे भय क्यों लगता है ? भय से मुक्ति कैसे सम्भव है ? हमारे व्यक्तित्व का निर्माण कैसे होता है ? ज्ञान क्या है ? विज्ञान क्या है ? मन क्या है ? आदि आदि ।
आप कहेंगे इन बातों का विश्वास –अन्धविश्वास से क्या सम्बन्ध है ? और यह सब तो हम जानते हैं ।सही है ,निरक्षरों की बात छोड़ भी दें लेकिन पढ़ा-लिखा हर व्यक्ति स्कूल कॉलेज में ,पाठ्य पुस्तकों में इन बातों को पढ़ चुका होता है, फिर भी वह अन्धविश्वासों से क्यों घिरा होता है ? क्यों वह अपने जीवन मे कई बार धोखा खाता है ? इस बात पर भी सोचने की आवश्यकता है । इन्हे इन प्रश्नों के परिप्रेक्ष्य में समझने की भी आवश्यकता है । इसका मूल कारण मनुष्य के मस्तिष्क में लागू वह दोहरी प्रणाली है जिसकी वज़ह से वह विश्वास और अन्धविश्वास के बीच झूलता रहता है और सही समय पर सही निर्णय नहीं ले पाता ।
यह कैसे घटित होता है यह जानने से पूर्व बृह्मान्ड की उत्पत्ति से लेकर मनुष्य की उत्पत्ति तक की कथा का संक्षेप में पुनर्पाठ ज़रूरी है । तो अगली पोस्ट से प्रारम्भ करते है उस समय की बात से जब इस दुनिया में कुछ नही था । - शरद कोकास छवि गूगल से साभार

मंगलवार, 16 फ़रवरी 2010

क्या आप धारावाहिक और फिल्में देखते हुए रोते हैं ?


              
                         अज्ञात शक्तियों की कल्पना
मनुष्य के मस्तिष्क की विकलांगता का यह सिलसिला बहुत पुराना नहीं है लेकिन इससे सबसे अधिक नुकसान यह हुआ कि हमने विश्वास और अन्ध विश्वास मे अंतर करना छोड़ दिया । फलस्वरूप ऐसी अनेक मान्यताओं ने हमारे जीवन मे अपना स्थान मज़बूत कर लिया जिनका वास्तविकताओं से कोई सम्बन्ध नहीं है। मानव जीवन के प्रारम्भिक दौर में जब मनुष्य जन्म ,मृत्यु और प्रकृति के रहस्यों से नावाकिफ था ,बीमारियाँ और प्राकृतिक विपदायें उसे घेर लेती थीं और वह असमय ही काल के गाल में समा जाता था । कार्य और कारण का सम्बन्ध ना स्थापित कर पाने के कारण उसने अनेक अज्ञात शक्तियों की कल्पना की और अपने विवेकानुसार अपने जीवन को सुरक्षित रूप से संचालित करने के लिये अनेक मान्यतायें गढ़ लीं ।
प्राचीन मनुष्य आकाश में घटित होने वाली परिघटनाओं को एक बच्चे की तरह बहुत उत्सुकता से देखता था । वह देखता था कि सूर्य जब आकाश में होता है तो सब कुछ साफ दिखाई देता है ,उष्णता का अनुभव होता है,जंगली जानवर दूर भाग जाते हैं । वहीं रात में चांद रोज़ आकार बदलता है और एक निश्चित अवधि के बाद फिर पूरा दिखाई देता है । इस अवधि को उसने महीना माना । उसी तरह सितारों की रोज़ बदलती स्थिति और एक वर्ष पश्चात फिर उसी स्थान पर दिखाई देने की गणना के अनुसार वर्ष की व्याख्या की गई । सभ्यताओं के विकास के क्रम में सिन्धु, बेबीलोनिअन, मिस्त्र ,मेसोपोटामिया और चीनी सभ्यतायें, नदियों के किनारे विकसित हुईं। इन लोगों ने बृह्मांड ,सूर्य ,आकाश ,चांद, तारों के बारे में अपनी कल्पनायें कीं । जैसे प्राचीन मिस्त्र के लोग आकाश को सितारों से जड़ी देह लिये एक देवी मानते हैं । यूनानियों के अनुसार आकाश एक छत है जहाँ दैत्य विशालकाय मशीनें चलाते हैं , वहीं हमारे यहाँ मान्यता है कि वासुकि नाग की गोद में विष्णु कछुए के रूप में बैठे हैं और अभी भी पुराने लोग यह मानते हैं कि वासुकि नाग के क्रोध में फन हिलाने की वज़ह से भूकम्प आते हैं ।
बृह्मांड के रहस्य को आज भी पूरी तरह नहीं जाना जा सका है लेकिन जितना हम जानते हैं उसे जानने में भी मनुष्य को लगभग 2000 वर्षों का समय तो लगा ही है । कल्पनाओं से वास्तविकता में आने के लिये यह अवधि कम नहीं है । दूसरी सदी के यूनानी वैज्ञानिक क्लॉडियस टॉलेमी से लेकर ,आर्यभट्ट .हिस्टॉर्कस, पन्द्रहवीं सदी के टाईकोब्राहे, निकोलस कॉपरनिकस , गियार्डानो ब्रूनो , गेलेलिओ ,केपलर और न्यूटन जैसे वैज्ञानिकों के योगदान को इस बात के लिये कम करके नहीं आंका जा सकता।
अफसोस यही है कि एक ओर इन वैज्ञानिक मान्यताओं पर विश्वास करते हुए भी हम सूर्यग्रहण और चन्द्रग्रहण का कारण राहु-केतु द्वारा उन्हें निगला जाना मानते हैं ? भूकम्प का कारण नाग का हिलना मानते हैं ? करवा चौथ पर चांद की पूजा कर ,प्रताड़ित करने वाले पति के लिये भी लम्बी उम्र की दुआयें मांगते हैं ,( ग्लीसरीन के आँसू के सहारे बनाये जाने वाले धारावाहिकों और फिल्मों को देख कर ज़ार ज़ार रोते हैं ) , डीहायड्रेशन होने पर बच्चे की नज़र उतारते हैं ,बिल्ली के रास्ता काट देने पर या किसी के छींक देने पर ठिठक जाते हैं । हम भूत-प्रेत,पुनर्जन्म, लोक-परलोक, आत्मा,मोक्ष आदि में आँख मून्दकर विश्वास करते हैं । ऐसे ना जाने कितने अन्धविश्वास हैं जिन्हे हमने अपने मस्तिष्क में स्थान दे रखा है । इन्हे हम दूर करना भी चाहते है लेकिन तथ्यों पर विश्वास करने में भय महसूस करते हैं । हम स्वयं को आधुनिक और पढ़े-लिखे कहलाना तो पसन्द करते हैं लेकिन जो परम्पराएं चली आ रही हैं उनकी हम पड़ताल नहीं करते । आस्था हमारा मार्ग अवरुद्ध करती है और आधा सच और आधा झूठ स्वीकार करते हुए उसी तरह जीवन भर दोहरे मानदंडों के साथ जीते हुए पारलौकिक सुख और मोक्ष की कामना करते हुए अंतत: मनुष्य जीवन से मुक्त हो जाते हैं ।छवि गूगल से साभार

सोमवार, 8 फ़रवरी 2010

हवा से भी बच्चा पैदा हो सकता है ?

लेखमाला " मस्तिष्क की सत्ता "की पहली किश्त में हम लोगों ने इस बात पर विचार किया कि हम अगर पैदा ही नहीं होते तो क्या होता ? लेकिन जबकि हम मनुष्य के रूप में जन्म ले चुके हैं , तो इस बात पर विचार करना ज़रूरी है कि हम मनुष्य क्यों हैं । वैज्ञानिक दृष्टि से इस बात पर विचार करने से पूर्व यह भी जान लें कि क्या हमारे पूर्वजों की वैज्ञानिक दृष्टि थी ? या यह कि वे विज्ञान किसे कहते थे ? जिस काम को सीखने में मनुष्य को हज़ारों साल लगे उसे आज एक बच्चा कैसे भलिभाँति सम्पन्न कर लेता है ? हम मनुष्य अपने आप में कुछ मौलिक हैं या वही पुराने मनुष्य के रीमिक्स संस्करण हैं ? चलिये इन प्रश्नों पर विचार करें । आप लोगों से पुन: निवेदन है कि इस लेख को गम्भीरता से पढ़ें और बातचीत में हिस्सा लें । - शरद कोकास


दुनिया का प्रथम वैज्ञानिक कौन था ?


लाखों वर्ष पूर्व जिस मनुष्य ने पत्थर उछाल कर देखा था और कहा था.. ‘ अरे यह तो एक स्थान से दूसरे स्थान पर जा सकता है ‘ वह उस युग का वैज्ञानिक था । पहली बार जिस ने अग्नि का प्रयोग किया ,पहली बार जिस ने पत्थरों से औज़ार बनाये, पहली बार जिसने छाल को वस्त्र की तरह इस्तेमाल किया,पहली बार जिसने खाने योग्य और न खाने योग्य वस्तुओं की पहचान की,पहली बार जिसने पंछियों की तरह उड़ने की कोशिश की और इस कोशिश में पहाड़ से कूद कर मर गया,या जो मछली की तरह तैरने की कोशिश में पानी में डूब गया ,ऐसे सभी मनुष्य इस मनुष्य जाति के प्रथम वैज्ञानिक थे । आज जो मनुष्य रॉकेट को अंतरिक्ष में भेज कर नये नये ग्रहों पर पहुंच रहा है और वहाँ बस्ती बसाने के स्वप्न देख रहा है वह आज का वैज्ञानिक है । इसी तरह खानपान व अन्य आदतों के बारे में भी कहा जा सकता है । वह मनुष्य जिसने पहला ज़हरीला फल खाया और मरकर दुनिया को यह बता गया कि इसके खाने से मौत हो जाती है क्या दुनिया का पहला वैज्ञानिक डायटीशियन नहीं था ?
मानव जीवन की यह सारी क्रांति पीढ़ी दर पीढ़ी उसके मस्तिष्क में दर्ज़ होती रही है । अपने जीवन को बेहतर बनाने के लिये वह इसकी क्षमता का उपयोग कर नित नये आविष्कार करता रहा । आज दस-बारह साल का एक बच्चा मनुष्य द्वारा किये जाने वाले अधिकांश काम कर लेता है जिन्हे सीखने में हमारे पूर्वजों को हज़ारों साल लगे । वह निरंतर प्रयोग करता गया और पिछले अनुभव के आधार पर पुराने को छोड़ नये को अपनाता गया । लेकिन धीरे धीरे यह मनुष्य दो भागों में बँट गया कुछ लोग तो अपने पुरखों की तरह नवीनता की तलाश में जुट गये और कुछ ने पहले की उपलाब्धियों को अंतिम मान संतोष कर लिया ।
आज का मनुष्य इन्ही दोनों का घालमेल बनकर रह गया है ।अफसोस यह है कि आज वह जहाँ नये को स्वीकार कर रहा है वहीं बगैर उनकी प्रासंगिकता परखे पुराने विश्वासों को भी साथ लिये चल रहा है । एक ओर वह टेस्ट ट्यूब बेबी के जन्म के चिकित्सकीय विज्ञान से परिचित है वहीं दूसरी ओर इस बात पर भी यकीन करता है कि स्त्री, सूर्य की रोशनी से या हवा मात्र के संसर्ग से संतान को जन्म दे सकती है । ऐसे अनेक उदाहरण आप खुद सोच सकते हैं । मानव मस्तिष्क में कार्यरत इस दोहरी प्रणाली में कुछ भी अस्वाभाविक नहीं है इसलिये कि ज्ञान और विज्ञान दोनों ही उसने अपने पूर्वजों से जस का तस पाया है । जिन मनुष्यों ने विरासत में प्राप्त इस ज्ञान की विवेचना कर नये प्रयोगों के माध्यम से उसे खारिज किया है अथवा आगे बढ़ाया है और जो वास्तव मे मनुष्य जाति के भविष्य के लिये चिंतित एवं प्रयासरत है वे मनुष्य ही मानव जाति का सच्चा प्रतिनिधित्व करते हैं ।
लेकिन इसका यह अर्थ नहीं है कि शेष मनुष्य, मनुष्य कहलाने के हक़दार नहीं हैं । उन मनुष्यों का दोष इसलिये नहीं है कि सैकड़ों वर्ष पूर्व ही उनके मस्तिष्क को विचार के स्तर पर पंगु बना दिया गया है ,उनसे सोचने समझने की शक्ति छीन ली गई है तथा धर्म एवं संस्कृति के नाम पर उनके भीतर यह भ्रम प्रस्थापित कर दिया गया है कि जो कुछ प्राचीन है वही अंतिम है । इसके विपरीत विज्ञान किसी बात को अंतिम नहीं मानता है और प्राचीन की नये सन्दर्भों में व्याख्या करता है । इसी कारण इतिहास के नये अर्थ उद्घाटित होते हैं और पुराने अनुभव तथा नये ज्ञान की रोशनी में भविष्य का मार्ग प्रशस्त होता है ।
उपसर्ग - उपसर्ग में प्रस्तुत है कवि संजय चतुर्वेदी की यह छोटी सी कविता उनके संग्रह "प्रकाशवर्ष " से साभार
सात हज़ार साल बाद
कोई सात हज़ार साल बाद उसने खोला दरवाज़ा
बदल गई थी भाषा
लेकिन बदले नहीं थे आदमियों के आपसी सम्बन्ध
और वही आदमी था आज भी राजा
जिसके डर से वह बन्द हुआ था ..
सात हज़ार साल पहले ।
- संजय चतुर्वेदी
यह पोस्ट आपको कैसी लगी इस बात की प्रतीक्षा रहेगी । - शरद कोकास


छवि गूगल से साभार

सोमवार, 1 फ़रवरी 2010

मैं भी मरना नहीं चाहता भाई...

                                                                 मस्तिष्क की सत्ता - एक

“ ना होता मै तो क्या होता “
गालिब के मशहूर शेर का मिसरा है “ डुबोया मुझको होने ने ,ना होता मैं तो क्या होता । ” ज़रा इस बात पर गम्भीरता से सोचिये कि हम हैं इसलिए हमारे लिये यह दुनिया है ,हम हैं इसलिये इस दुनिया के सारे प्रपंच हैं, सुख –दुख हैं , रिश्ते- नाते हैं , दोस्त-यार हैं , घर - परिवार है , यानि सब कुछ हैं । यदि हमारा अस्तित्व ही नहीं होता मतलब हम पैदा ही नहीं होते तो हमारे लिये कुछ नहीं होता । सारा कुछ उनके लिये होता जो इस धरती पर जन्म ले चुके हैं । यह बात उन पर लागू नहीं होती जो यहाँ जन्म लेने के पश्चात यहाँ से प्रस्थान कर चुके हैं क्योंकि उनके जाने के बाद भी उनसे जुड़ी हुई चीजें और उनकी स्मृतियाँ तो होती हैं ।
दर असल गालिब ने यह शेर अपने बहाने उस मनुष्य जाति के बारे में लिखा है जिसने इस धरती पर लाखों वर्ष पूर्व जन्म लिया है और इस जाति का प्रतिनिधि हर एक मनुष्य है जो अब तक इस बात पर विचार कर रहा है कि आखिर उसने जन्म क्यों लिया है ? जैसे ही मुसीबत आती है हम सीधे उपर वाले से सम्वाद करते हैं “हे भगवान ! तूने मुझे पैदा ही क्यों किया ? न केवल जन्म के बारे में बल्कि यह मनुष्य मृत्यु के बारे में भी विचार कर रहा है । सुख की स्थितियों में यह जीवन उसे इतना प्रिय लगता है कि वह मरकर भी मरना नहीं चाहता । हाँलाकि हम में से बहुत से लोग तकलीफ बढ़ जाने पर यह कहते ज़रूर हैं , “ हे ऊपर वाले..मुझे उठा ले “ लेकिन सचमुच कोई उठाने आ जाये तो कहेंगे..” तुम सच में आ गये यार ..मैं तो मज़ाक कर रहा था ।“
यद्यपि स्वयं का जन्म और मृत्यु दोनो ही उसके बस में नहीं है लेकिन जन्म लेने के पश्चात यह जीवन और यह शरीर उसे इतना प्रिय लगने लगता है कि लाख कष्टों के बावज़ूद वह इसे जीवित रखने की भरसक कोशिश करता है । वह बार बार जन्म लेना चाहता है और उन समस्त सुखों का उपभोग करना चाहता है जो उसके पूर्वजों ने अनवरत परिश्रम और प्रयोग कर उसके लिये जुटाये हैं ।न केवल उपभोग बल्कि हम ज़्यादा से ज़्यादा सुविधायें जुटाना चाहते हैं और उसके लिये नित नये आविष्क़ार कर मनुष्य जीवन की बेहतरी के लिये कुछ करना चाहते हैं । ऐसा कौन है जो पूर्वजों द्वारा अर्जित ज्ञान में बढ़ोत्तरी कर इस दुनिया को आगे बढ़ाने में अपना योगदान नहीं देना चाहता ? इससे बढ़कर यह कि हम में से ऐसा कौन है जो सारी सुख –सुविधाओं के साथ जीते हुए अमर होने की आकान्क्षा नहीं रखता । यह सच है और इसमें कोई दो राय नहीं कि हम सभी लगातार सोच विचार करते हुए इस दिशा में प्रयत्नशील हैं और मनुष्य होने के कर्तव्य का निर्वाह कर रहे हैं ।
सोचने विचारने ,चिंतन करने और आविष्कार करने का यह समस्त कार्य मनुष्य नामक यह प्राणि दिमाग नामक अद्भुत अंग से करता है जो उसकी देह की उपरी मंज़िल पर स्थित खोपड़ी मे अवस्थित है । डेढ़ किलो औसत वज़न का, धूसर रंग का और मख्खन जैसा नर्म यह अंग जिसमें लाखों तंत्रिकाओं का जाल है , जिसकी गति किसी तेज़ कम्प्यूटर से भी अधिक तेज़ है मनुष्य के जन्म के साथ ही अस्तित्व में आया है । भ्रूणावस्था में यह हृदय से 15 सेकंड पहले काम करना शुरू कर देता है । इस दुनिया का और मानव जाति का अब तक का सम्पूर्ण विकास यहाँ दर्ज़ है । मनुष्य के सारे अंग काम करना बन्द कर दें लेकिन जब तक मस्तिष्क काम करना बन्द नहीं करता उसे जीवित ही माना जाता है । डॉक्टर द्वारा क्लीनिकल डेथ घोषित करने का अर्थ भी यही है । यह मनुष्य के मस्तिष्क का ही कमाल है कि जिस मनुष्य को अंग ढाँकना तक नही आता था,सीधे खड़े होना नहीं आता था,उंगलियों का उपयोग करना नहीं आता था, वह इसी दिमाग की ताकत से आज चांद तक जा पहुंचा है । यह उसके मस्तिष्क की ही क्षमता है कि आज जो वह सोचता है कल उसे पूरा कर दिखाता है ।
उपसर्ग - उपसर्ग में प्रस्तुत है बर्तोल ब्रेख़्त की यह कविता
जनरल तुम्हारा टैंक एक शक्तिशाली वाहन है
वह जंगलों को रौन्द देता है
और सैकड़ों लोगों को चपेट में ले लेता है
लेकिन उसमें एक दोष है
उसे एक चालक चाहिये

जनरल , तुम्हारा बमवर्षक जहाज शक्तिशाली है
तूफान से तेज़ उड़ता है वह और
एक हाथी से ज़्यादा भारी वज़न उठाता है
लेकिन उसमें एक दोष है
उसे एक कारीगर चाहिये

जनरल आदमी बहुत उपयोगी होता है
वह उड़ सकता है और
हत्या भी कर सकता है
लेकिन उसमें एक दोष है
वह सोच सकता है ।
( बर्तोल ब्रेख़्त की इस कविता का अनुवाद कवि श्री नरेन्द्र जैन द्वारा किया गया है ।सम्पादक बृजनारायण शर्मा व हरि भटनागर की पत्रिका " रचना समय " से साभार )
यह पोस्ट आपको कैसी लगी . अवश्य बताइयेगा - शरद कोकास
छवि गूगल से साभार

शनिवार, 30 जनवरी 2010

ऐसा हमारे घर में शुरू से चला आ रहा है ।


“ हम जानते हैं कि जो कुछ हमारे पास मूल्यवान है वह सब हमें विज्ञान ने प्रदान किया है । विज्ञान ही एक मात्र सभ्य बनाने वाला है । इसने गुलामों को मुक्त कराया , नंगों को कपड़े पहनाये , भूखों को भोजन दिया , आयु में वृद्धि की , हमें घर परिवार चूल्हा दिया , चित्र तथा किताबें दीं ,जलयान ,रेलें , टेलीग्राफ, तथा तार तथा इंजन जो असंख्य पहियों को बिना थके घुमाते हैं और इसने भूत पिशाचों , शैतानों ,पंखों वाले दैत्यों जो असभ्य जंगली लोगों के दिमाग पर छये रहते थे ,का नामोनिशान मिटा दिया । “
- राबर्ट ग्रीन इंगरसोल (1833-1899)


प्रसिद्ध तर्कशास्त्री राबर्ट ग्रीन इंगरसोल के इस कथन को 100 से भी ज़्यादा वर्ष बीत चुके हैं । हम सभ्यता के नये युग में प्रवेश कर चुके हैं । आज के दौर में अन्धविश्वास को लेकर बात करना बेमानी हो गया है । हम जैसे जैसे सभ्य होते जा रहे हैं सड़ी-गली मान्यतायें और रूढ़ियाँ अपने आप दूर होती जा रही हैं । हम विज्ञान के नये नये अविष्कारों का उपभोग कर रहे हैं । पहले परिवर्तन 100 वर्षों में रेखांकित किया जाता था ,फिर यह अवधि दस वर्ष हुई और अब तो प्रति वर्ष होने वाला परिवर्तन महसूस किया जा सकता है ।
यदि ऐसा है तो फिर हमें यह सब लिखने की क्या आवश्यकता है । शायद इसलिये कि अभी भी हमारे मन के किसी कोने में असभ्यता का अन्धकार है जिसे हम महसूस नहीं कर पा रहे हैं । बिल्ली के रास्ता काट देने पर अभी भी हम ठिठक जाते हैं , घर से निकलते हुए किसी के छींक देने पर पल भर के लिये ही सही ठहर जाते हैं , गृहिणी के हाथ से बर्तन गिरने पर कहते हैं कि कोई आ रहा है ,शनिवार के दिन हजामत नहीं बनाते या गुरुवार के दिन नये कपड़े नही पहनते और ऐसे ही ढेर सारे विश्वास । ठीक है हम में से अधिकांश लोग इन्हे नहीं मानते और केवल परम्परा के पालन के रूप में इनका निर्वाह करते हैं । नई पीढ़ी के युवाओं से पूछा जाये कि वे यह सब क्यों मानते हैं तो उनका जवाब होता है ..ऐसा हमारे घर में शुरू से चला आ रहा है ।
यह केवल इन छोटे-मोटे अन्द्धविश्वासों को मानने की बात तक सीमित नहीं है । दर असल हम इन विश्वासों की वज़ह से निरंतर पिछड़ते जा रहे हैं और उन चालाक लोगों के गुलाम होते जा रहे हैं जो सायास हमें मस्तिष्क के स्तर पर गुलाम रखना चाहते हैं । वे हमें भावनात्मक स्तर पर ब्लैकमेल कर रहे हैं और हम उनकी चाल समझ नहीं पा रहे हैं ।हम सभी लकीर के फकीर हैं जो चल रहा है उसमें कोई परिवर्तन नहीं चाहते , कभी कोई तर्क करना नहीं चाहते और एक यथास्थितिवादी की तरह जो विरासत में मिला है उसे जस का तस स्वीकार कर लेते हैं । देखा जाये तो इसमें कोई बुराई भी नहीं है । परम्पराओं का सम्मान करने की प्रवृत्ति हमें विरासत में मिली है । लेकिन वहीं हम नया ज्ञान प्राप्त करते समय तर्क करते हैं , स्कूल-कॉलेज में पढ़ते हुए प्रश्न करते हैं और जब तक हमारा समाधान नहीं हो जाता उस प्रश्न से जूझते हैं ।इसका अर्थ यही हुआ ना कि हम में समझने की क्षमता है लेकिन हम जानबूझ कर समझना ही नहीं चाहते ?
मनुष्य के स्वभाव की यह विशेषता है कि वह जो कुछ नूतन है उसे तो आत्मसात कर लेता है लेकिन जो पुरातन ताज्य है उसे छोड़ नहीं पाता । यह ज़रूरी भी नहीं है क्योंकि यदि हम सब कुछ जो पुरातन है उसे त्याग देंगे तो न हमारे पास इतिहास रह पायेगा न,परम्परा न संस्कृति ,न संस्कृति का गौरव । लेकिन क्या यह ज़रूरी नहीं कि हम अपने अतीत से जो कुछ ग्रहण करने योग्य है उसे ग्रहण करें और उस आधार पर नूतन की विवेचना करें । यह बिलकुल आवश्यक नहीं है कि प्राचीन मान्यताओं को आधार बनाकर हम विसंगतियों को जीवित रखने के लिए अनावश्यक कारणों की तलाश करें । अतीत की किसी विसंगति को सिर्फ इसलिए जायज़ नही ठहराया जा सकता कि हमारे पूर्वज ऐसा किया करते थे । ध्यान इस बात पर दिया जाना चाहिये कि उनकी इस सोच और कार्य के पीछे क्या कारण थे और देश- कालानुसार क्या परिस्थितियाँ थीं । आज जब हम पुरातन समय में चमत्कारिक समझी जाने वाली घटनाओं के विश्लेषण में समर्थ है इस बात की कोई आवश्यकता नही रह जाती की सामाजिक विसंगतियों को चमत्कारों के जरिये दूर होने की आशा करें या किसी अवतार की प्रतीक्षा करें ।


यही सब सोचकर मैने लगभग बीस लेखों की इस लेखमाला का विचार किया है और इसे अपने ब्लॉग “ना जादू ना टोना “ पर प्रस्तुत करना चाहता हूँ ।मेरा उद्देश्य जादू-टोने या अन्द्धविश्वासों पर बहस करना नहीं है न ही सायास कोई बात मैं आप लोगों से मनवाना चाहता हूँ । मैं चाहता हूँ के हम सब मिलकर इस समाज की सोच में कुछ परिवर्तन कर सकें । आप सभी से निवेदन है कि इस सम्वाद में हिस्सा लें और अपने विचारों से मुझे अवगत करायें ।यह लेखमाला मैं सोमवार 1 फरवरी 2010 से प्रारम्भ करने जा रहा हूँ और प्रत्येक सोमवार को इसका प्रकाशन होगा । हो सकता है इसमें सम्मिलित विषय सामग्री आपकी पढ़ी हुई हो लेकिन उसे नये नज़रिये से देखने का यह अवसर है । इसकी भाषा भी शास्त्रीय नहीं है और रोचक उद्धरणों से मैने अपनी बात समझाने की कोशिश की है । इस बहाने हम आपस में ,और उससे अधिक अपने आप से संवाद तो कर सकेंगे ।
   भवदीय

शरद कोकास   


शुक्रवार, 29 जनवरी 2010

छह माह पहले आप ही ने तो यह कहा था .......



19 टिप्पणियाँ: Arvind Mishra ने कहा…आगे बढ़ते चलिए और इस जन्म को सार्थक करिए !स्वप्नदर्शी ने कहा…You can also visit my blog, I do write often about science, biotech and society and science often.बालसुब्रमण्यम ने कहा…यह बहुत अच्छा प्रयास है। मेरा सुझाव है कि इसे व्यापक स्वरूप देने के लिए हर स्कूल में एक विज्ञान मंडली स्थापित करने पर विचार करें, जिसके कुछ शिक्षक और 9वीं से लेकर 12वीं तक के छात्र-छात्राएं स्वेच्छा से सदस्य बन सकते हैं।विज्ञान की चर्चाएं इस मंडली में नियमित रूप से की जा सकती है। मंडली के सदस्य नुक्कड नाटक आदि के माध्यम से समुदाय में भी वैज्ञानिक चिंतन को प्रसारित कर सकते हैं और अंधविश्वासों का उन्मूलन कर सकते हैंAlbelaKhatri.com ने कहा…sharadji, aap ek nek aumaanavhit ka mahti kaarya kar rahe hain......paakhand k viruddh satya ka dhvaj khada karna saral nahin hota lekin aap jaise himmatvan jab saamne aakar muqabla karenge toh mujhe yakin hai ki satya ka divakar zaroor ujaagar hoga


meri haardik shubh kaamnaayen अनुनाद सिंह ने कहा…आपने बहुत महान कार्य के लिये स्वयं को समर्पित किया है। संगीता पुरी ने कहा…समाज से अंधविश्‍वास दूर करने का आपका यह प्रयास सराहनी हैं .. शुभकामनाएं।दिनेशराय द्विवेदी Dineshrai Dwivedi ने कहा…आप इस काम को करिए, इस की बहुत आवश्यकता है। आरंभ कर डालिए।अल्पना वर्मा ने कहा…कल भी एक बाबा लाला साईं गिरफ्तार हुए...जिस तरह हर दिन एक नए भंडा फोड़ हो रहा है ,सुनने में लगता है जन -जाग्रति आई है..लेकिन जिस तरह से आसानी से यह अपना जाल फैलाते हैं मुझे यही लगता था कि कोई कानून इन्हें रोकने के लिए बना ही नहीं.अब आप ने बताया कि ऐसा कोई कानून बना है!
जन जाग्रति बहुत जरुरी है मगर सिर्फ जनजागृति से कुछ नहीं होगा..क्योंकि एक आम नागरिक अगर शिकायत दर्ज कराये और उसकी शिकायत दर्ज न की जाती हो फिर?
इस लिए अंधविश्वास फैलाने वाले पाखंडियों के खिलाफ सख्त कानून के साथ चुस्त प्रशासन की भी बहुत जरुरत है .धन्यवाद.लवली कुमारी / Lovely kumari ने कहा…जब तक भगवान,भूत,परा शक्तियों की अवधारना हमारे समाज में व्याप्त रहेंगी ..चाँद मुठ्टी भर लोग कुछ नही कर सकते ..जरुरत है व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाने की, जो सिर्फ ब्लॉग से संभव नही है.आप अच्छा कार्य कर रहें हैं, अपना कार्य करते रहे.महामंत्री - तस्लीम ने कhहा आपके द्वारा दी गयी जानकारी ने इस कार्यक्रम के प्रति रूचि उत्‍पन्‍न कर दी है लेकिन इस बात पर संशय है कि विभिन्‍न प्रस्‍तुतियों के द्वारा मन में अंधविश्वास कैसे निकल जाता है। वैसे यह अच्‍छा प्रयास है, इसे जारी रखें। राज भाटिय़ा ने कहा…यह बाबा, यह ढोंगी, ओर यह साधू सब हमारे बनाये हुये है, जब हम इन की बातो मै आना बन्द कर देगे, लालच मै नही आयेगे तो कोई भी हमे उळ्ळू नही बना पायेगा, सब पाखंड है,Murari Pareek ने कहा…मुझे सबसे ज्यादा चिढ इन बाबाओं से है, बिचारे भोले भाले इंसानों से क्या क्या नहीं करवाते, कोई साईं, कोई बापू, बड़े बड़े गुंडे हैं !! जो धर्म की आड़ मैं न जाने क्या क्या गुल खिलाते हैं !!!!आपका प्रयास अच्छा है !! लगे रहिये !!अजित वडनेरकर ने कहा…शरद भाई बहुत ही सुंदर काम कर रहे हैं आप। धीरे धीरे आपके सभी ब्लाग पर नज़र डाल रहा हूं। वक्त का तोड़ा ऐसा ही कि क्या कहें। सब साथी ब्लागर जो कुछ कर रहे हैं, उसे नजर भर देखना नसीब में नहीं है। विज्ञान का मैं भी विद्यार्थी रहा हूं, अंधश्रद्धा निर्मूलन मुहीम में रुचि है। धार्मिक कर्मकांडों से बिदकता हूं। शुरू में विज्ञान विषयक चिट्ठा बनाने की ख्वाहिश थी, पर भाषाविज्ञान मुझ पर हावी रहा है और शब्दों का सफर के नाम अपना सारा समय सुरक्षित है।
आप सबके काम को लगातार देखता रहूंगा। शोभना चौरे ने कहा…aapke blog par phli bar hi aana hua hai . aapne jo kam shuru kiya hai bhut hi nek kam hai jiski aaj samaj ko sakhat jarurat hai .
shubhkamnaye swekare.Babli ने कहा…इस नेक काम की शुरुयात के लिए बहुत बहुत शुभकामनायें! महफूज़ अली ने कहा…अन्धविश्वासों के खिलाफ आगे आयें:------ main aapke saath hoon. मथुरा कलौनी ने कहा…बहुत ही महत्‍वपूर्ण कार्य कर रहे हैं आप। यह एक प्रकार का यज्ञ है। Suman ने कहा…sriman ji,agar andhvishvash jaadu, tona khatam ho jayega to samaj k dharmik thekedaaro ka kya hoga .is sambandh mein bharat bhushan ki ye linein sateek hai . बेनामी ने कहा…bhoot preyat jaisi joi cheez nahi hoti bas se insaano ka veham hota hai unhe aisa lagta hai ki koi unhe dekh raha hai koi unka peecha karr raha hai .....aaj ke zaamaney me aise cheezo parr bas vo hi log vishvash karte hai jo ki ill-litrate hai jaise villagers log .......ye log aaj bhi bhoot preeto me vishvash karte hai.....




छह माह पूर्व मैने इस ब्लॉग पर आप सभी मित्रों से एक सलाह मांगी थी और प्रसन्नता का विषय है कि इस पर आप सभी ने मेरा साथ दिया । आपके सुझावों पर अमल करते हुए मैने एक लेखमाला तैयार की है जिसका प्रकाशन मैं आगामी एक फरवरी से करना चाहता हूँ । आप सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करने के लिये मैं इस पोस्ट और इस पर प्राप्त आपकी टिप्पणियों का पुनर्प्रकाशन कर रहा हूँ ,कृपया इसे स्वीकार करें ।
२३ जून २००९


वैज्ञानिक चेतना के ब्लॉगर्स सलाह दें

ब्लॉगिंग की दुनिया में घोषित रूप से वैज्ञानिक दृष्टि में विश्वास रखने वाले ब्लॉग्स बहुत कम है जिनमें ब्लॉग कुदरतनामा के ज़रिये श्री बाल्सुब्रमणियम भुजंग के ज़रिये सुश्री लवली कुमारी और श्री अरविन्द मिश्रा तथा साईंस ब्लोगर असोसिएशन एवं तस्लीम के माध्यमसे श्री ज़ाकिर अली रजनीश , डॉ.अरविन्द मिश्रा,श्री ज़ीशानहैदर ज़ैदी सुश्री अर्शिया अली और् कवि कुमार अम्बुज जैसे लोग यह काम बखूबी कर रहे हैं.वर्तमान समय में इस बात की आवश्यकता है कि सामान्य जन के भीतर न केवल वैज्ञानिक दृष्टि अपितु इतिहास बोध भी जागृत किया जावे.वस्तुत: वर्तमान दौर में पूंजीवाद ने बाज़ार के साथ-साथ धर्म पर भी आधिपत्य कर लिया है. यह इतनी चालाकी के साथ हुआ है कि पूरी नई पीढी इसकी चपेट में आ गई है.धार्मिक जुलूस पहले भी निकाले जाते थे लेकिन अब उनमें उन्माद का प्रदर्शन होने लगा है.एक धर्म की प्रतिद्वन्दिता में दूसरा धर्म इस उन्माद का प्रदर्शन और अधिक ज़ोर शोर से करता है.धर्म और ईश्वर पर अवलम्बिता बढती ही जा रही है अत: धार्मिक स्थलों पर भीड भी बढने लगी है.ईश्वर को चढाये जाने वाले प्रसाद ने अब घूस का रूप धारण कर लिया है और मनुष्य तथाकथित पाप से मुक्त होकर तमाम अनैतिक कार्यों में लिप्त रहने लगा है.मनुष्य की धर्मभीरुता और अन्धविश्वास के प्रति सकारात्मक सोच के फलस्वरूप न केवल धर्म की शक्तियाँ बल्कि बाज़ार की शक्तियाँ तथा राजनैतिक शक्तियाँ भी इसका लाभ उठाने में लगी हैं.इसलिये अन्धश्रद्धा का शिकार होने या तांत्रिकों द्वारा ठगे जाने को अब केवल किसीकी व्यक्तिगत हानि मानकर नज़र अन्दाज़ नहीं किया जा सकता.अन्द्धश्रद्धा निर्मूलन समिति,तर्कशील सोसायटी और अन्य संस्थाओं द्वारा दिये गये चमत्कार साबित करने विषयक चेलेंज को स्वीकार करने हेतु कोई पाखंडी बाबा या ज्योतिषी सामने नहीं आता इसलिये कि वे जानते हैं अन्धश्रद्धालू जनता जब तक उनके साथ है वे धनार्जन करते रहेंगे.सत्ताधीशों और पूंजीपतियों का प्रश्रय भी उन्हे प्राप्त है.ड्रुग एण्ड मेजिकल रेमेडी एक्ट 1954 में लागू हुआ था लेकिन इसके तहत अब तक कितने लोगों पर कारवाई हुई है? हमारे शहर मे कोई बाबा आता है किसी लॉज में ठहरता है,स्थानीय अखबार में विज्ञापन देता है और पुत्र उत्पन्न होने की भभूत बेचकर पैसा लूटकर चला जाता है. कितने लोग है जो इस बात की शिकायत करते है.कितने लोगों को पता है कि इस एक्ट के अंतर्गत न केवल बाबा पर बल्कि अखबार के मालिक पर भी मुकदमा दायर किया जा सकता है.दर असल यह सब आम जन के बीच वैज्ञानिक चेतना ना होने की वज़ह से है .और इस चेतना के प्रसार के लिये जनता के उचित प्रशिक्षण की आवश्यकता है.लेकिन प्रश्न यह है कि यह सब कौन करेगा.क्या हमारे जैसे चन्द ब्लॉगर मिलकर इस काम को कर सकेंगे? वर्षों से अनेक संस्थायें इस दिशा में कार्य रत हैं लेकिन यह समस्या कम होने की बजाय बढती ही जा रही है. फिर भी यह निराश होने का समय नही है.मिल जुल कर मनुष्य को इस मनुष्य निर्मित आपदा से बचाया जा सकता है.

मै अपने स्तर पर यह कार्य कर रहा हूँ.तथा स्कूलों,कॉलेजों मे छात्रों के बीच जाकर अपने व्याख्यान "मस्तिष्क की सत्ता' के माध्यम से वैज्ञानिक दृष्टि का प्रसार करता हूँ.इस व्याख्यान को रोल प्ले तथा सहायक सामग्री फ्लिप चार्ट आदि की सहायता से मैं प्रस्तुत करता हूँ.इसके अंतर्गत बृह्मांड की उत्पत्ति से लेकर सूर्य,गृहों व पृथ्वी के जन्म ,मनुष्य के जन्म तथा उसके आज तक के विकास में अथवा उसके अन्धविश्वास में उसके मस्तिष्क की भूमिका,व्यक्तित्व का विकास,संस्कारों की भूमिका ,आत्मा का अस्तित्व,मनोविज्ञान के laws of suggetions भूत-प्रेत व ढोंगी बाबाओं के किस्से आदि को मै अत्यंत रोचक एवं मनोरंजक ढंग से समझाताहूँ.कवितायें, चुटकुले,मीमीक्री आदि तत्वों से युक्त मेरा प्रस्तुतिकरण इतना रोचक होताहै कि लगभग ढाई-तीन घंटे कोई अपने स्थान से हिलता नही हैं.इतनी देर मे सारे अन्धविश्वास दिमाग से निकल जाते है. ब्लॉग के माध्यम से इस आवश्यक एवं महत्वपूर्ण कार्य को करने वाले अपने अनेक साथियों को देखकर मुझमें आशा का संचार हुआ है और यह विचार मन में आया है कि इस व्याख्यान को स्क्रिप्ट का स्वरूप देकर और इसकी रोचकता को यथावत रखकर इसे ब्लॉग पर प्रस्तुत करूँ.आप सभी शुभचिंतकों,ब्लॉगर्स एवं पाठकों की राय इस बारे में आमंत्रित है. इसे यह नया स्वरूप देने में मुझे कुछ समय लग सकता है.तब तक बाबाओं के किस्से,पोल खोल के किस्से और चमत्कारों का भंडाफोड आदि चलते रहेंगे. कृपया इस बारे मे सुधी साथी मुझे सुझाव दें ।
आप सभी को बहुत बहुत धन्यवाद । प्रकाशन के पहले ..कल एक निवेदन और करना चाहूँगा .. उस पर भी एक नज़र डालियेगा - शरद कोकास 

गुरुवार, 3 दिसंबर 2009

अरे वा ! ..श्रीदेवी की फोटो से भी भभूत निकलती है ..कमाल है !!!


यह लगभग पन्द्रह वर्ष पुरानी घटना है । एक दिन  सड़क पर वर्मा जी मिल गये बहुत उत्साह से बताने लगे “शरद जी पता है कल पाण्डे जी के यहाँ भजन था और एक चमत्कार हो गया ,हम लोगों ने गाना शुरू ही किया था कि अचानक बाबा की फोटो से भभूत झड़ने लगी ,पाण्डे जी ने सबका ध्यान आकर्षित करवाया ,हम लोगों ने वह भभूत माथे पर लगाई । सचमुच बाबा में बहुत शक्ति है वरना कलयुग में ऐसा चमत्कार कहाँ होता है ?
मैने कहा “वर्मा जी ,आप भी कहाँ इन बातों में विश्वास करते है यह सब चमत्कार नहीं विज्ञान के प्रयोग हैं । बस इतना कहा था मैने कि वर्मा जी चिढ़ गये ..” देखिये आपको नहीं मानना है तो नहीं माने लेकिन बाबा पर अविश्वास तो न करें । मैने फिर कहा “ मै बाबा पर अविश्वास नहीं कर रहा हूँ मैं तो पाण्डे जी द्वारा किये चमत्कार की बात कर रहा हूँ जिसके पीछे विज्ञान का एक साधारण सा प्रयोग है ।“
खैर वर्मा जी तो उस दिन मान गये लेकिन यह बात मन में गूंजती रही ।फिर एक दिन नागपुर की अन्धश्रद्धा निर्मूलन समिति के उमेश बाबू चौबे ,गणेश हलकारे व हरीश देशमुख जी ,साक्षरता समिति के तहत एक शिविर मे दुर्ग पहुंचे तो उनसे मैने यह किस्सा बताया । गणेश भाई हँसने लगे ,कहा “ इसमे कौनसी बड़ी बात है..देवी देवताओं के चित्र से तो भभूत हम भी निकालते हैं अभी उस दिन नागपुर में हमने “श्रीदेवी” की फोटो से भभूत निकाली है ।चलिये घोषणा करवा दीजिये कल यहाँ के किसी सार्वज़निक स्थान पर यह प्रयोग करें ।“ मैने कहा “ठीक है .. अखबारों में विज्ञप्ति दे दी गई “ कल शाम पाँच बजे पुराने बस स्टैंड पर एक आम सभा में आइये और देखिये श्रीदेवी की फोटो से भभूत कैसे निकलती है ।“
तुरंत ऑर्डर देकर एल्युमिनियम की फ्रेम में जड़ी श्रीदेवी की एक तस्वीर तैयार करवाई गई, मंच तैयार किया गया और उस पर एक कुर्सी रखी गई जिस की पीठ से टिकाकर  श्रीदेवी को विराजित किया गया ,बाकायदा अगरबत्ती लगाई गई ,फूल चढ़ाये गये और लोगों ने देखा कि कुछ देर में उस फोटो के काँच पर भभूत गिरने लगी है ।
इस बीच हमारे कार्यकर्ता लोगों को अन्य प्रयोग कर के भी दिखा रहे थे ।इस चमत्कार के बारे में कुछ लोगों ने पूछा तो बताया गया यह तो बहुत आसान है । अल्युमिनियम की फ्रेम पर चुपचाप मर्क्युरस क्लोराइड का पाउडर लगा देते हैं जो सफेद होता है और आसानी से दिखाई नहीं देता थोड़ी देर में दोनों की रासायनिक क्रिया शुरू हो जाती है और  उससे जो पदार्थ तैयार होता है वह भभूत जैसा दिखता है ।एक कार्यकर्ता ने बोर्ड पर यह फार्मूला ही लिख दिया ।
              6Hg2Cl2+2Al = 2AlCl3+3Hg2Cl2+6Hg
वर्मा जी को तो वहाँ पहुंचना ही था वे आये और उन्होने श्रद्धा भक्ति के साथ श्रीदेवी की तस्वीर के आगे हाथ जोड़े और कहा “ देखा बाबा का चमत्कार , श्रीदेवी जी की फोटो में भी प्रकट हो गये ।“ हम लोग हँसने लगे । समिति सचिव डी.एन.शर्मा जी ने उनसे कहा “धन्य हो प्रभु , इस देश की जनता हर स्त्री में इसी तरह भगवान का वास ही मानने लगे तो भले ही अपने अन्धविश्वास न दूर करे ,कम से कम उनके आगे हाथ जोड़ कर उनका सम्मान तो  करने लगे  ।“
घोषणा : यह किस्सा सौ प्रतिशत सत्य है – आपकी राय ?- शरद कोकास

छवि गूगल से साभार

बुधवार, 14 अक्टूबर 2009

"मुझे कर्णपिशाचिनी की सिद्धी प्राप्त है । "

"मैं बिना देखे कानों से सब कुछ पढ़ सकता हूँ ।" अगर आप भी पढ़ना चाहते हैं तो इसे ध्यान से पढ़ें ।                                                                                                                                
                उस विवाह समारोह मे एक कोने में मजमा जमाये बाबा यही तो कह रहे थे । भीड़ के बीच उन्होने ऐलान किया कि वे इस बात का प्रदर्शन भी कर सकते हैं । उन्होने लोगों से कहा कि वे उनके मन की बात कानों से पढ़कर जान सकते हैं । बस इसके लिये लोगों को एक चिट पर एक पंक्ति में अपने मन की बात लिख कर देना होगा । उनके सहयोगी ने लगभग 10-12 लोगों को कागज़ का एक –एक टुकड़ा दिया लोगों ने उस पर अपने मन की कोई एक बात लिखी और उसे तीन चार परतों में मोड़कर एक कटोरे में रख दिया ।
               मैं यह सब तमाशा देख रहा था । मुझे पता था बाबा क्या ट्रिक करने जा रहे हैं । सो मैने भी एक कागज़ पर कुछ लिखा और कटोरे में डाल दिया ।
               बाबा ने एक चिट उठाई उसे कानों के पास ले जा कर कुछ सुनने का प्रयास किया और ऐसे सर हिलाया जैसे वे जान रहे हों उस चिट में क्या लिखा है । फिर उन्होने ज़ोर से कहा “ यह किसने लिखा है ,”कर्ण पिशाचिनी देवी की जय ? “ भीड़ में से एक व्यक्ति ने हाथ उठाया और कहा “ महाराज मैने लिखा है ।“ बाबा ने कहा “ शाबास “ और उसे पास बुलाकर स्वयं चिट खोलकर देखी और उसे दिखाकर कहा “ लो देख लो ,सत्य है या नहीं ।“
               फिर उन्होने दूसरी चिट उठाई उसे कान के पास ले जाकर कुछ सुनने का प्रयास किया और कहा “ यह किसने लिखा है .. “देश के सारे पढ़े-लिखे मूर्ख हैं “ एक क्षण के लिये सभीने इधर-उधर देखा ,भीड़ में से एक व्यक्ति ने कहा “ मैने लिखा है ।“ सभी लोग बाबा के कानों से पढ़ने के इस चमत्कार को ध्यान से देख रहे थे । फिर बाबा ने तीसरी पर्ची उठाई उसे कान के पास ले जाकर सुना और पूछा “ किसने लिखा है इस साल देश में बारिश नहीं हुई ? “
               भीड में से एक व्यक्ति ने हाथ उठाया । फिर चौथी पर्ची सुनकर उन्होने कहा “ और यह किसने लिखा है कि सारे बाबा लोगों को ठगते हैं ।“ इतना कहकर वे मन्द-मन्द मुस्काये । फिर भीड में से एक व्यक्ति ने हाथ उठाया । पांचवी पर्ची वे कान के पास ले गये और पूछा “ यह किसने लिखा है मुझे चॉकलेट मीठी लगती है ? “इस सवाल पर एक बच्चे ने हाथ उठाया ।
                मै बहुत ध्यान से देख रहा था कान से पर्ची पढ़ने के बाद वे एक नज़र उस पर डाल लेते थे और उसे अलग रख देते थे । यह चोकलेट वाली पर्ची पढ़ते समय उनकी भवें किंचित तन गई । अगली पर्ची वे फिर कानों के पास ले गये और यह क्या वे अचानक क्रोधित हो गये “ यह कौन मूर्ख है जो देवी को क्रोध दिला रहा है , जाने किस विदेशी भाषा मे लिखा है यह सब नहीं चलेगा ,देवी श्राप दे देगी । माहौल बिगड़ चुका था ,
                लेकिन मैने आगे बढ़कर कहा “यह कैसी देवी है जो यह भी नहीं पढ़ सकती । लाइये मैं पढ कर बताता हूँ अपने कान से कि इसमें क्या लिखा है ।“
                पता नहीं बाबा को क्या हुआ मुझे जवाब देने की बजाय वे पैर पटकते हुए वहाँ से निकल गये । लोग आपस में बात करने लगे..”बड़े पहुंचे हुए महात्मा हैं जाने किस बेवकूफ ने इन्हे नाराज़ कर दिया ।“ लोगों की बात सुनकर मैं आगे बढ़ा और मैने कहा “ रुकिये, मै बताता हूँ इस पर्ची में क्या लिखा है । “लोग वहीं ठहर गये ।   
                बाबा जिस पर्ची को फेंककर चले गये थे वह पर्ची वहीं पड़ी थी मैने उसे उठाया और कान के पास ले जाकर कहा “ इसमे लिखा है ज़्द्रास्तुयते एतो सबाक दस्वीदानिया ।“ लोग इधर उधर देखने लगे । मैने कहा यहाँ वहाँ मत देखिये ,यह मैने ही लिखा है । फिर मैने अगली पर्ची उठाई और उसे कान के पास ले जाकर कानों से उसे पढ़ने का अभिनय करते हुए कहा “इसमें लिखा है “इस साल बहुत तेज़ गर्मी पड़ेगी ।“ भीड़ में से एक व्यक्ति ने हाथ उठाकर कहा “ सर यह मैने लिखा है ।“ इस तरह मैने सारी पर्चियाँ कान से पढ़कर सुना दी । लोगों ने कहा “ हमे नहीं पता था सर आप को भी कर्नपिशाचिनी सिद्ध है ।
                मैने कहा नहीं भाइयों ऐसा कुछ नहीं है । यह एक ट्रिक है । आपने देखा होगा बाबा ने जब पहली पर्ची उठाई और कहा ‘कर्णपिशाचिनी की जय’ किसने लिखा है तो जिस व्यक्ति ने हाथ उठाया था वह बाबा का सहयोगी था और उसे पहले से यह इंस्ट्रक्शन थे कि वह इस बात पर हाथ उठाये । इसके बाद बाबा ने वह पर्ची खोलकर खुद पढ़ी और उसे भी दिखाई ,दरअसल उस पर्ची में लिखा था “देश के सारे पढ़े-लिखे मूर्ख हैं ।‘ इसके बाद बाबा ने अगली पर्ची उठाई ,उसे कान से पढा और कहा, इसमे लिखा है ‘देश के सारे पढ़े-लिखे मूर्ख हैं ।‘ और उसे खोलकर मन मे पढ़ा । दरअसल उस पर्ची में लिखा था “इस साल देश में बारिश नहीं हुई ‘ इस मैटर को इसके बाद आनेवाले के लिये उन्हे कहना था ।
               इस तरह वे पर्ची खोलकर पहले ही पढ लेते थे और उस बात को ध्यान में रखकर ,अगले से जोड़कर कह देते थे । लोग इस बात के भ्रम मे रहते थे कि वे कान से पढ रहे हैं । बस इस खेल मे पहला व्यक्ति अपना होना चाहिये जो आपकी बात पर हाँ कहे ,जैसे इस खेल में ‘कर्णपिशाचिनी की जय’ लिखी हुई कोई पर्ची ही नहीं थी । “अच्छा यह बात है “ लोगों को यह ट्रिक समझ में आ गई थी ।“ तो सर इसे तो हम भी कर सकते हैं ? “
                मैने कहा “बिलकुल कीजिये लेकिन कर्णपिशाचिनी या किसी भी देवी का नाम लेकर मत कीजिये ऐसी कोई सिद्धी या चमत्कारिक शक्ति नही होती ।“
                “लेकिन सर आपने अपनी पर्ची में क्या लिखा था ?” एक व्यक्ति ने आखिर पूछ ही लिया “ मैने कहा उसमें रशियन लिपि में लिखा था “एतो सबाक दस्वीदानिया,ज़्द्रास्तुयते “ । यानि यह श्वान है ..मै चलता हूँ ,नमस्ते । लोग हँसने लगे ,,अच्छा हुआ बाबा को रशियन नहीं आती थी वरना ... ।
                    चलिये आप लोगों को भी यह ट्रिक समझ में आ गई हो तो आप लोग भी शादी-ब्याह ,पार्टी-शार्टी, पिकनिक –विकनिक में इस ट्रिक को कीजिये और लोगों का मनोरंजन कीजिये ।                     हाँ  इतना ज़रूर लोगों से कहें कि पर्ची में सिर्फ और सिर्फ हिन्दी में लिखें । और कान के बारे में यही कि  अफवाहों पर कान न दें , ज़्यादा कानाफूसी न करें  कर्णप्रिय बातें करें साथ ही कान में नुकीली वस्तु न डालें । - आपके कान ताउम्र सलामत रहें इस कामना के साथ ..............आपका  शरद कोकास    
छवि गूगल से साभार